Friday, July 24, 2026

प्रांतीय विषय प्रमुखों की बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता एवं भावी कार्ययोजना पर हुआ मंथन





लखनऊ, 24 जुलाई। भारतीय शिक्षा समिति, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में शुक्रवार को ममता सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, इंदिरानगर में प्रांतीय विषय प्रमुखों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा, विषयवार प्रगति का आकलन तथा आगामी शैक्षिक योजनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श करना था।

बैठक के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. सौरभ मालवीय, मंत्री, विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश ने प्रांतीय विषय प्रमुखों एवं संयोजकों के साथ शैक्षणिक गुणवत्ता, पाठ्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, संस्कारयुक्त शिक्षा तथा विषयगत नवाचारों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विद्या भारती का लक्ष्य केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि ऐसे चरित्रवान, राष्ट्रनिष्ठ एवं समाजोपयोगी विद्यार्थियों का निर्माण करना है, जो भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जुड़े हों। उन्होंने सभी विषय प्रमुखों से अपने-अपने क्षेत्रों में नवाचार, सतत समीक्षा एवं प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक के द्वितीय सत्र में प्रदेश निरीक्षक रामजी सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति (PPT) के माध्यम से सभी विषय प्रमुखों से उनके कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा आगामी योजनाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

बैठक में सुरेश सिंह, उत्तम कुमार मिश्र, अवधेश सिंह, गोपाल राम, अचल नारायण गिरि एवं मनीष शुक्ल सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय की प्रधानाचार्या निरुपमा सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं औपचारिक परिचय कराया।

बैठक का समापन शैक्षिक उत्कृष्टता, संस्कारनिष्ठ शिक्षा और संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण के संकल्प के साथ सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।


0 टिप्पणियाँ:

भारत की राष्‍ट्रीयता हिंदुत्‍व है