Monday, April 27, 2026

भारत की ज्ञान परंपरा एवं ऋषि परंपरा को बाल मन में संजोना : डॉ. सौरभ मालवीय




सुल्तानपुर। सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, विवेकानन्द नगर, सुल्तानपुर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव, वैदिक गणित एवं विज्ञान मेला कार्ययोजना बैठक का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय मंत्री एवं लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. सौरभ मालवीय ने कहा कि हमें वर्ष भर की योजनाएं मनोयोगपूर्वक बनाकर उस पर प्रभावी ढंग से कार्य करना चाहिए, जिससे हम अखिल भारतीय स्तर पर सार्थक उपलब्धियां प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि विज्ञान मेला, वैदिक गणित एवं संस्कृति बोध परियोजनाओं का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा, श्रुति परंपरा एवं ऋषि परंपरा के पुनरुद्धार के माध्यम से बालकों के मन में संस्कारों का संचार करना है। उन्होंने बताया कि विदेशी आक्रमणों के दौरान भारतीय ज्ञान-विज्ञान की परंपराओं को क्षति पहुंचाने के प्रयास हुए, जिन्हें पुनर्जीवित करना आज की आवश्यकता है। वंदना सत्र, भोजन मंत्र एवं चित्र प्रदर्शनी जैसे माध्यमों से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव का भाव विकसित किया जा रहा है।

कार्यक्रम को अखिल भारतीय वैदिक गणित संयोजक देवेन्द्र राव देशमुख, सह क्षेत्रीय संगठन मंत्री डॉ. राममनोहर एवं काशी प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी सहित अनेक लोग विशेष रूप से उपस्थित रहें.

इससे पूर्व क्षेत्रीय विज्ञान मेला प्रमुख बांके बिहारी पाण्डेय, संस्कृति बोध परियोजना प्रमुख राजकुमार सिंह एवं वैदिक गणित परियोजना प्रमुख संतोष सिंह ने सत्र 2026-27 की कार्ययोजना का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।


0 टिप्पणियाँ:

भारत की राष्‍ट्रीयता हिंदुत्‍व है